सीएम योगी ने बुढ़िया माई के दरबार में लगाई हाजिरी
गोरखपुर । बांसगांव सन्देश । शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदिशक्ति मां बुढ़िया माई के दरबार में हाजिरी लगाई। कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माता के मंदिर में उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना की और माता से प्रदेश वासियों के कल्याण की मंगलकामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में हुए सुंदरी करण कार्यों का भी जायजा लिया और साथ में मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए। मंदिर परिसर और यहां स्थित नैसर्गिक कुंड का अवलोकन करते हुए परिसर में कराए गए सुंदरीकरण कार्यों का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि घने जंगल में स्थित बुढ़िया माई का मंदिर लोक आस्था का बड़ा केंद्र है। लंबे समय तक उपेक्षित रहे इस मंदिर को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के पहले कार्यकाल में न केवल रोड कनेक्टिविटी से आच्छादित किया गया बल्कि परिसर का सुंदरीकरण कराकर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई।

