शाम को कार से चोरी हुआ पिस्टल, सुबह पीडल्ब्लूडी परिसर में मिला
महराजगंज जिले के फरेंदा रोड पर सोमवार की शाम को एक कार में रखा पिस्टल, दो मैगजीन, अस्सी हजार नकद समेत जरूरी प्रपत्र चोरी हो गया था। मंगलवार को पुलिस ने रकम छोड़कर अन्य सभी सामान बरामद कर लिया है। औपचारिकता पूरी करने के बाद सामाग्री संबंधित व्यक्ति को सौपी जाएगी। चोरी की घटना सामने आने के बाद से ही पुलिस टीम जांच पडताल में जुटी थी।चौक थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के रहने वाले ज्ञानेंद्र त्रिपाठी सोमवार को महराजगंज शहर में जरूरी काम से आए थे। वह यूनियन बैंक से रकम निकालने के बाद एक रेस्टोरेंट में अपने साथियों के साथ चाय पीने लगे। इतने में केनरा बैंक के पास से खडी उनकी कार से पिस्टल समेत अन्य सामान चोरी हो गया।
उनके द्वारा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, इसके बाद से ही पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर, लोगों से पूछताछ तेज की। मंगलवार को शहर में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी आवास परिसर के पास पुलिस ने बैग बरामद किया। जिसमें रकम नहीं थी, लेकिन पिस्टल, मैगजीन समेत अन्य जरूरी प्रपत्र मिल गए।
सदर कोतवाल इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि पुलिस टीम ने बैग समेत पिस्टल एवं अन्य सामान बरामद कर लिया है। रुपये नहीं मिले हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद सामान संबंधित व्यक्ति को सौंप दिया जाएगा।

