शादी की सालगिरह मनाकर लौट रहे दम्पत्ति की कार पलटी
चार मिनट में मौके पर पहुंची पीआरवी ने दोनों की बचाई जान
गोरखपुर,शादी की सालगिरह मानकर आधी रात बाद घर लौट रहे दम्पति की कार एचएन सिंह चौराहे पर बिजली के पोल से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। राहगीर की सूचना पर 4 मिनट में मौके पर पहुंची पीआरवी ने दम्पति को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद दोनों काफी डर गए थे। हालांकि उन्हें मामूली चोट आई थी पर जिस तरह से गाड़ी पलटी थी उसे देखकर हर कोई दंग रह गया था।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के सुमेरसागर निवासी गौरव अपनी पत्नी गुरबानी के साथ शादी की सालगिरह मनाने गुलरिहा स्थित एक होटल में गए थे। आधी रात बाद दोनों कार से घर की तरफ लौट रहे थे। अभी वह एचएन सिंह चौराहे तक पहुंचे थे कि उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के बाद पलट गई। गुरुवार की रात करीब 2:09 बजे राहगीर ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पीआरवी 0321 की टीम ने महज 4 मिनट में ही मौके पर पहुंचकर फोन करने वाले व्यक्ति व अन्य लोगों की मदद से दम्पति को कार से बाहर निकाले। कुछ देर बाद उनके दोस्त व अन्य लोग पहुंच गए। पुलिस ने उनके साथ घायल के दोस्तों के साथ हॉस्पिटल भिजवाया। दुर्घटना की सूचना पर शाहपुर थाने की फोर्स भी मौके पहुंची और जांच में जुट गई।
*रेस्टोरेंट मालिक ने दी तहरीर*
एचएन सिंह चौराहे के पास हुई दुर्घटना में एक
रेस्टोरेंट की रेलिंग तोड़ते हुए कार पलटी थी। रेस्टोरेंट मालिक रणधीर सिंह ने शाहपुर पुलिस को अज्ञात कार चालक के खिलाफ एक लाख रुपये के नुकसान होने की तहरीर दी है।
*16 घंटे तक बंद रहा खरैया पोखरा फीडर*
कार पलटने से खरैया पोखरा फीडर 2 बजे रात से बंद रही। शुक्रवार शाम 4 बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह से विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। बिजली गुल होने से सुबह लोगो को सबसे ज्यादा दिक्कत पानी के लिये हुई। पानी की टंकी खाली होने से लोगों को नल का सहारा लेना पड़ा। 16 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।

