*विश्व पर्यावरण दिवस एवं मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर 11 हजार पौधरोपण का लक्ष्य, नगर पालिका ने लिया हरित नगर का
संकल्प…*
सुल्तानपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद सुल्तानपुर द्वारा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह दिन नगर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में नवीन पार्किंग स्थल एवं वर्कशॉप परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से नगर पालिका लगातार पौधरोपण अभियान चला रही है तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाने से उद्देश्य पूरा नहीं होता, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ नगर के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर उन्हें विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में नगर के डिवाइडरों, सड़कों के किनारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 18 से 20 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। पर्यावरण पार्क के पीछे विकसित किए गए वाल्मीकि उपवन को ऑक्सीजन बैंक के रूप में विकसित किया गया है, जहां लगभग एक हजार पौधे लगाए गए हैं। आने वाले समय में भी नगर को और अधिक हरित एवं सुंदर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
तालाबों एवं हरित क्षेत्रों के संरक्षण पर चर्चा करते हुए अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार की तालाब-पोखर संरक्षण योजना के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य चल रहा है। नमोवन सरोवर परिसर में तालाब का निर्माण कराया गया है, जबकि पयागीपुर, शास्त्री नगर एवं सीताकुंड सहित अन्य क्षेत्रों में भी संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, लेकिन उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। जिस प्रकार एक बच्चे के पालन-पोषण में समय और समर्पण लगता है, उसी प्रकार एक पौधे को वृक्ष बनने तक निरंतर संरक्षण की आवश्यकता होती है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि आगामी अभियान के अंतर्गत नगर में 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सामाजिक संगठनों, संयुक्त सेवा समितियों द्वारा नगर पालिका सभासदों एवं वन विभाग के सहयोग से व्यापक योजना तैयार की जा रही है। सुझावों और आवश्यकताओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर नगर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना भी की गई तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

