अज्ञात युवती के बरामद शव का पुलिस ने 72 घंटे में किया राजफाश, हुई शिनाख्त, अभियुक्त हुए गिरफ्तार
बेल्थरारोड (बलिया)। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला व पुलिस क्षेत्राधिकारी रसडा आलोक कुमार गुप्ता के सफल पर्यवेक्षण मे उभांव थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक के कुशल नेतृत्व मे उभांव पुलिस टीम ने बीते 16 मई की शाम ग्राम करीमगंज में घाघरा नदी की पानी में किनारे पर मिली युवती के शव की शिनाख्त कर 72 घंटे में घटना का खुलासा कर दिया है और पुलिस को घटना में शामिल बोलेरो नम्बर यूपी 54 क्यू 8676 के साथ चालक संग चार आरोपियों को बुधवार की प्रातः करीब 9 बजे मालीपुर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्तों पर पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण व साक्ष्य मिटाने से सम्बन्धित आरोप लगाये है।
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार बीते 16 मई को थाना उभांव पर सूचना प्राप्त हुई कि करीमगंज में घाघरा नदी के किनारे अज्ञात मृतका के शव को लावारिस अवस्था मे अज्ञात व्यक्तियो द्वारा नदीं में फेक कर जा चुके हैं। सूचना पर मौके पर पहुंच कर फॉरेन्सिक टीम को अवगत कराते हुए अज्ञात मृतका के शव को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मृत्यु हैंगिंग से होना पाया गया है। तथा शव की शिनाख्त भीमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा निवासी निशा (19) पुत्री विसेश्वर के रूप मे हुई है। पुलिस को विवेचना के क्रम में ज्ञात हुआ कि विसेश्वर की पुत्री निशा जो किसी लडके से प्रेम करती थी, उसी से शादी करना चाहती थी, पूर्व मे उसके साथ कही भागकर चली गयी थी, निशा के घर के लोग उसके पिता विसेश्वर पुत्र मिर्जा, चाचा परशुराम पुत्र मिर्जा, चाचा श्रीपति प्रसाद पुत्र मिर्जा निवासीगण नवादा निशा की शादी अन्यत्र कहीं करना चाहते थे, तो निशा अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी पड़ी थी, इसी बात को लेकर निशा को उसके परिजन उसे काफी प्रताड़ित करते थे, प्रताडना के कारण उसने बीते 16 मई कीे सुबह अपने घर के कमरे में रस्सी के सहारे छत में लगे हुक में गले में फंदा लगाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। अनहोनी घटना को देख आरोपी घबड़ा गये और पुलिस के भय व मुकदमा से बचने के लिए पिता विसेश्वर, चाचा परशुराम, चाचा श्रीपति प्रसाद द्वारा वाहन बोलेरो संख्या सं0 यूपी 54 क्यू 8676 के चालक व वाहन स्वामी इन्दल कुमार पुत्र परशुराम प्रसाद निवासी फरहा लौकी बरवां रत्तीपट्टी थाना भीमपुरा से सहयोग लेकर मृतका निशा के शव करीमगंज के पास साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घाघरा नदी में करीमगंज में नदी की पानी में फेंक कर वापस चले गये। जिसके सम्बन्ध में जांच उपरान्त उप निरीक्षक देवी प्रसाद मिश्रा की तहरीर पर उभांव थाने में बीएनएस की धारा 108, 238बी पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान विवेचक उप निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह मय फोर्स के देखभाल क्षेत्र चेकिंग संदिग्ध व्यक्ति/वाहन व अनावरण घटना सम्बन्धित गश्त पर थे कि मुखबीर की सूचना पर घटना में प्रकाश में आए अभियुक्तगण विसेश्वर, परशुराम, श्रीपति प्रसाद एवं बोलेरो चालक इन्दल कुमार आरोपी बोलेरो से जाते समय भीमपुरा-मालीपुर रोड पर समय बुधवार की प्रातः करीब 9 बजे गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से उक्त बोलेरों वाहन में रखी हुई आत्महत्या में प्रयुक्त 01 अदद रस्सी बरामद किया गया तथा बोलेरो सं0 यूपी 54 क्यू 8676 को धारा 207 एमवी एक्ट मे सीज कर गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना स्थानीय पर विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए मा0 न्यायालय चालान भेजा गया।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में विवेचक एवं उप निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह, उप निरीक्षक देवी प्रसाद मिश्र, रि0का0 कृष्णा प्रजापति व रि0का0 दीपक कुमार यादव शामिल रहे। ज्ञातब्य है कि उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम करीमगंज में घाघरा नदी के किनारे उक्त युवती का शव शनिवार की शाम पुलिस ने सूचना पाकर बरामद किया था।

