सड़े प्याज को लेकर बच्चों में विवाद, किशोर ने चाकू से किया हमला; 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसहिया बुजुर्ग टोला उर्दहनी में सबेरे की बेला मे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़े प्याज फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक किशोर ने 10 वर्षीय बालक के सिर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राहुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका 10 वर्षीय भांजा कृष्णा गुप्ता, जो हाटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मगुरही का निवासी है, उसके घर रहकर पढ़ाई करता है। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कृष्णा लघुशंका के लिए घर से बाहर गया था। आरोप है कि उसी दौरान पटीदार का 15 वर्षीय पुत्र शिवम दरवाजे पर बैठकर प्याज काट रहा था। उसने सड़ा हुआ प्याज कृष्णा की तरफ फेंक दिया।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए शिवम ने पास में रखा चाकू उठाकर कृष्णा के सिर पर वार कर दिया। चाकू लगते ही बालक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना देख आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
परिजनों ने घायल बालक को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। बताया गया कि कृष्णा के पिता की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद से वह अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

