घुघली में दर्दनाक सड़क हादसा: साइकिल सवार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज. जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना घुघली की जखीरा चौकी अंतर्गत ग्राम बारीगांव में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे रामधनी गुप्ता (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मूरत निवासी बारीगांव बिल्लर टोला अपनी साइकिल से मुख्य सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में एम्बुलेंस की सहायता से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल महराजगंज के मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

