बुद्ध पूर्णिमा पर घर-घर गूंजेगा गायत्री महायज्ञ: महाराजगंज में तीन दिवसीय आध्यात्मिक महाअभियान
महराजगंज। विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार होने जा रहा है। दिनांक 1 मई 2026 से 3 मई 2026 तक घर-घर गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल नए घरों में बल्कि पुराने घरों में भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न होगा।
गायत्री परिवार ट्रस्ट, जनपद महाराजगंज परशुराम यादव ने इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिले भर के सभी प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल, युवा मंडल एवं विभिन्न ब्लॉकों के समन्वयकों से विशेष सहयोग की अपील की है। ट्रस्ट ने आग्रह किया है कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम को हर्षोल्लास और पूर्ण समर्पण के साथ आयोजित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आध्यात्मिक यज्ञ से जुड़ सकें।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना, परिवारों में संस्कारों की स्थापना करना और मानव जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान करना है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि इस महायज्ञ के माध्यम से गुरुदेव, माताजी और गायत्री माता की कृपा प्राप्त होगी, जिससे जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
Bगायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण अभियान है, जो समाज को जोड़ने और मिशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी गायत्री परिजनों से आह्वान किया कि वे अपनी-अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इस पुण्य कार्य में अपनी आहुति दें और इसे ऐतिहासिक बनाएं।
तीन दिनों तक चलने वाला यह महायज्ञ जिले में भक्ति, आस्था और एकता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगा।

