अलमारी से गिरा लकड़ी का स्ट्रक्चर, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी को शिर में आई चोट
*सिर में लगी चोट, आठ टांके; हालत सामान्य, बेहतर जांच के लिए गोरखपुर रवाना*
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज जनपद के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी बुधवार को एक अप्रत्याशित हादसे में घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वे अपने कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त थे। इसी दौरान अलमारी के ऊपर रखा लकड़ी का एक स्ट्रक्चर अचानक गिरकर उनके सिर पर आ गिरा।
हादसे में उनके सिर पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए केएमसी डिजिटल हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर आठ टांके लगाए। लगभग एक घंटे तक चले इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार, एसपी की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की।
घटना के बाद कुछ समय के लिए पुलिस महकमे में चिंता का माहौल रहा, हालांकि स्थिति सामान्य होने की पुष्टि के बाद सभी ने राहत महसूस की। कुछ समय बाद एहतियातन और संतुष्टि के लिए एसपी अवस्थी बाद में विषय विशेषज्ञ चिकित्सक को दिखाने गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।स्वस्थ लाभ के बाद देर रात को वापस आए।

