भलुअनी थानाध्यक्ष पर बदसलूकी का आरोप, CRPF जवान को लॉकअप में बंद करने का मामला, एसपी से शिकायत
देवरिया। जिले से पुलिस के व्यवहार को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात एक जवान ने भलुअनी थाना प्रभारी पर अभद्रता, गाली-गलौज, मारपीट और लॉकअप में बंद करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में जवान ने पुलिस अधीक्षक देवरिया से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता नागेन्द्र कुमार यादव, जो CRPF में हवलदार पद पर तैनात हैं, ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 3 अप्रैल 2026 को अपनी समस्या को लेकर थाना भलुअनी में शिकायत दर्ज कराई थी। 4 अप्रैल को मामले की जांच उपनिरीक्षक द्वारा की गई, लेकिन उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे।
आरोप है कि 5 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे जब वह थाने पहुंचे और अपनी शिकायत की जानकारी लेने लगे, तभी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पाण्डेय से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद थानाध्यक्ष ने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की, धक्का देकर लॉकअप में बंद कर दिया और करीब आधे घंटे बाद बाहर निकाला। साथ ही “जहां जाना है जाओ, शिकायत कर लो” जैसी बात कही।
जवान ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक अवधेश सिंह यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने उनका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया।
नागेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि वह वर्ष 2007 से CRPF में सेवा दे रहे हैं और उन्हें भारत सरकार द्वारा पांच बार सम्मानित किया जा चुका है। उनका आरोप है कि थानाध्यक्ष ने उनके सम्मान और पदकों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की।
जवान का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से सामने आ सकती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

