11 मोबाइल व 2.3 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
संतकबीरनगर 03अप्रैल 2026। जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल (अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रूपये) और 2 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने यहाँ बताया कि 03 अप्रैल 2026 को कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने रामप्रवेश राजभर पुत्र सीताराम निवासी बालूशासन को बड़गो से अजगइबा घाट जाने वाली रोड के पास से तथा छोटू राजभर उर्फ मामा पुत्र स्व. राधेश्याम निवासी ग्राम बनौली थाना बेलहरकला को ग्राम पटखौली स्थित एआरटीओ ऑफिस के पास से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल 2026 को इकरार खान पुत्र अनवर खान निवासी ईंट भट्ठा स्थल ग्राम दशहरा (स्थायी पता आलमपुर रानी, बरला, जनपद अलीगढ़) द्वारा कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई थी कि 28 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर चार लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। इस सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय गांवों और चौराहों पर सो रहे लोगों के मोबाइल चोरी करते थे और चोरी के मोबाइल व अवैध गांजा बेचकर अपनी आजीविका चलाते थे। बरामद 11 मोबाइल में से 4 मोबाइल जैन ईंट भट्ठा रसहरा (दशहरा) से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य मोबाइल अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

