फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह पर ATS का शिकंजा, खलीलाबाद से युवक गिरफ्तार
#संतकबीरनगर।
जनपद में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) ने बुधवार को खलीलाबाद क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नौरंगिया निवासी विनोद कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो फर्जी आधार कार्ड बनाने के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
एटीएस की टीम ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
जिनका इस्तेमाल फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में किया जा रहा था। पूछताछ के बाद देर शाम एटीएस टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई।
जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अगस्त 2025 में लखनऊ एटीएस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था।
इस दौरान आजमगढ़, इटावा, सहारनपुर, औरैया और गोरखपुर सहित कई जिलों से करीब 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आया था कि गोरखपुर से पकड़ा गया। आरोपी राजीव तिवारी इस नेटवर्क का अहम सदस्य था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि राजीव तिवारी का संबंध खलीलाबाद के विनोद कुमार विश्वकर्मा से था, जो उसे तकनीकी सहायता उपलब्ध कराता था।
इसी आधार पर एटीएस ने विनोद के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी कराया था।
बुधवार को लोकेशन ट्रेस होने के बाद एटीएस के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम खलीलाबाद पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से सब्जी मंडी स्थित विनोद की लोहे और स्टील की दुकान पर छापेमारी की गई।
जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली में प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर एटीएस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

