*ट्रांसफार्मर खराब होने से दो दिन से अंधेरे में डूबा बहादुरपुर कासिमपुर, ग्रामीणों में आक्रोश*
*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*
जलेसर (एटा), 13 मार्च 2026। ताखावन विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बहादुरपुर कासिमपुर (पोस्ट नगला अन्नी) में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना तुरंत संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को दे दी गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही ट्रांसफार्मर बदला गया है। इससे गांव में बिजली संकट गहरा गया है।
गांव के युवक पवन यादव, सुशील कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने के कारण घरों में पानी भरने की समस्या खड़ी हो गई है। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों का संपर्क भी प्रभावित हो रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है और रात के समय अंधेरा होने से लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। खेतों में होने वाले कई जरूरी काम भी बिजली न होने के कारण प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में स्थानीय विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।

