*सरायरासी में 19 मार्च से शुरू होगी 9 दिवसीय श्रीराम कथा, तैयारियों का जिला पंचायत अध्यक्ष ने लिया जायजा*
अयोध्या। जनपद के सरायरासी में 19 मार्च से आयोजित होने वाली 9 दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
कथा स्थल का जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने अपने प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित के साथ निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंच, पंडाल, पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
19 मार्च से शुरू होने वाली इस भव्य रामकथा में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्द देव गिरी जी महाराज कथा का वाचन करेंगे।
कथा में अयोध्या समेत आसपास के कई जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग, पेयजल, शौचालय और बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वहीं उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने बताया कि आयोजन समिति और स्थानीय लोग मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।
पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, बैठने तथा यातायात व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और बड़ी संख्या में वालंटियर भी तैनात किए जाएंगे।

