हत्या का झूठा मुकदमा निकला फर्जी, कप्तानगंज पुलिस ने राजस्थान से कथित मृतका व बच्चों को किया बरामद
बस्ती।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए उसे झूठा करार दिया है।
तकनीकी जांच, आधार से जुड़े ओटीपी और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने कथित मृतका और उसके दो बच्चों को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है।
मामला दिनांक 4 नवंबर 2024 का है।
जब पैकोलिया थाना क्षेत्र के पिकोरा चौधरी निवासी संदीप कुमार ने अपने ससुराल पक्ष पर पत्नी प्रियंका प्रजापति और उसके बच्चे की हत्या कर शव नदी में फेंक देने का आरोप लगाते हुए कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार विवेचना की, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम तकनीकी संकेत मिला।
कथित मृतका द्वारा अपने बच्चे का नाम स्कूल में दर्ज कराने के लिए आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर में बदलाव किए जाने का प्रयास किया गया।
जिससे संबंधित ओटीपी का सुराग पुलिस को मिला।
उक्त मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाए जाने पर उसकी लोकेशन फतेहपुर सीकरी, राजस्थान पाई गई।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर कथित मृतका प्रियंका प्रजापति को उसके पुत्र अभि प्रजापति और तीन माह के दूधमुंहे बच्चे यश के साथ सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में प्रियंका प्रजापति ने बताया कि वह पति संदीप के साथ नहीं रहना चाहती थी।
पारिवारिक तनाव के चलते वह 1 जुलाई 2024 को मायके से निकलकर अयोध्या चली गई थी।
जहां आत्महत्या का प्रयास करते समय राजस्थान निवासी मंगलचंद ने उसे बचा लिया।
इसके बाद वह मंगलचंद के साथ राजस्थान में रहने लगी।
जहां दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे और इसी दौरान एक बच्चे का जन्म हुआ।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले का पूरी तरह से अनावरण कर लिया गया है।

