फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस वर्दी-बैज व कार बरामद
गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को सिकरीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का निरीक्षक बताकर रौब जमाता था और नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठता था।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री दिनेश कुमार पुरी (पीपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी खजनी कमलेश कुमार सिंह (पीपीएस) के कुशल निर्देशन में अंजाम दिया गया।
थाना सिकरीगंज के थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बैजनाथ बिंद, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल राजू यादव एवं कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 10 फरवरी 2026 को कस्बा सिकरीगंज से अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिग्विजय नाथ पुत्र स्वर्गीय रामलाल, निवासी ग्राम लखवापाकड़, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर, उम्र लगभग 55 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की इंस्पेक्टर रैंक की वर्दी, नेम प्लेट, बैज, पी-कैप, फर्जी पुलिस पहचान पत्र तथा एक कार बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।