कर्ज और मानसिक तनाव के चलते युवक ने स्वयं रची थी अपने अपहरण की साजिश।
स्थानीय संवाददाता…..
थाना रुधौली पुलिस द्वारा घटना का अनावरण करते हुए आवश्य कार्यवाही की जा रही है।
बस्ती/यूपी: बीती सात फरवरी को वादी संजय चौधरी ने सूचना दी थी कि उनका भाई सोनू चौधरी (22 वर्ष) दिनांक 06/02/2026 की रात कोहरा नहर पुलिया के पास से लापता हो गया है। सोनू ने अपनी मंगेतर अंशिका को फोन कर बताया था कि 5-6 लोग उसे घेर कर मार-पीट रहे हैं और अपहरण कर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर थाना रुधौली पर मु0अ0सं0-21/2026 धारा 140(3) BNS पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही थी।
पुलिस विवेचना और तकनीकी साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रुधौली के नेतृत्व में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान निम्नलिखित तथ्य सामने आए।
ऑटो चालक का बयान: तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि सोनू ने स्वयं ऑटो चालक गुलाम हुसैन अंसारी को फोन कर बुलाया था, जिसने उसे घटनास्थल से 25 किमी दूर बस्ती के बड़े वन चौराहे पर छोड़ा था।
CCTV फुटेज: घटना के करीब 55 मिनट बाद सोनू को बस्ती शहर में पैदल सुरक्षित चलते हुए सीसीटीवी में देखा गया।
परिवहन साक्ष्य: बस संख्या UP78KN0179 के चालक और परिचालक ने पुष्टि की कि सोनू लखनऊ जाने वाली बस में सवार हुआ था।
सोनू चौधरी का स्वीकारोक्ति बयान:
तलाश के बीच सोनू चौधरी ने स्वयं थाने उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया है। उसने स्वीकार किया कि उसने कुछ लोगों से रुपया उधार लिया था और वे लगातार तगादा कर रहे थे। पारिवारिक समस्याओं और कर्ज के कारण वह अत्यधिक तनाव में था। अपनी मंगेतर को अपहरण की झूठी सूचना देकर वह स्वयं अपनी कार और मोबाइल वहीं छोड़कर ऑटो से बस्ती चला गया था। वहां से वह अयोध्या गया, जहाँ उसने दो दिन राम लला के दर्शन किए और धर्मशाला में रुककर मानसिक शांति प्राप्त करने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने यह सिद्ध कर दिया कि अपहरण की कोई घटना घटित नहीं हुई थी। युवक ने केवल अपनी परेशानियों से बचने और समय लेने के लिए यह झूठी कहानी गढ़ी थी। थाना रुधौली पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

