बस्ती। परशुरामपुर थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल रहे एसएसआई अजय कुमार गौड़ 48 घंटे से अधिक समय से लापता हैं। उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस घटना से पुलिस महकमे और आम जनता में चिंता बढ़ गई है।
लापता होने के लगभग 24 घंटे बाद बस्ती जनपद के अमहट घाट पर एक लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस इसे एसएसआई अजय कुमार गौड़ से संबंधित मान रही है। मोटरसाइकिल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और शनिवार सुबह से गोताखोरों द्वारा नदी में सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसआई अजय कुमार गौड़ की पत्नी रंजीता ने बताया कि 5 तारीख की शाम लगभग 3 बजे उनकी आखिरी बार अपने पति से बात हुई थी।
इसके बाद 8 से 9 बजे के बीच उन्होंने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला।
6 तारीख की सुबह भी फोन बंद मिलने पर उन्होंने थाने के अन्य स्टाफ से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई।
रंजीता ने यह भी बताया कि अजय कुमार गौड़ को पूर्व में दुबौलिया थाने में तैनाती के दौरान एक नाबालिग बच्चे की मौत के मामले में धमकियां मिली थीं। उन्होंने इस बात की जानकारी पहले ही परिजनों को दे दी थी।
उस समय उन्हें लाइन हाजिर भी किया गया था।
पत्नी ने इस पहलू से भी मामले की जांच की मांग की है।
महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि थाने में सफाई कर्मी के रूप में तैनात पंकज नामक युवक के साथ अजय कुमार गौड़ को थाने से निकलते समय आखिरी बार देखा गया था।
पत्नी रंजीता ने इस बिंदु को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रारंभिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा था कि पारिवारिक कलह के चलते वे स्वयं थाना छोड़कर चले गए हैं, लेकिन यह बात असत्य और निराधार बताई गई है।

