जंगल कौड़िया ब्लॉक मुख्यालय में सफाई कर्मी संतोष यादव की वायरल तस्वीर से हड़कंप, सिगरेट और शराब के साथ बैठे दिखे, जांच के आदेश
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)।
जंगल कौड़िया ब्लॉक मुख्यालय के एडीओ पंचायत कार्यालय में तैनात सफाई कर्मी संतोष यादव की एक तस्वीर गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
जिससे ब्लॉक प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वायरल तस्वीर में सफाई कर्मी हाथ में सिगरेट लिए धुआं उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं।
जबकि मेज पर शराब की बोतल, नमकीन, पानी का गिलास और सिगरेट का पैकेट साफ दिखाई दे रहा है।
तस्वीर के बैकग्राउंड में लकड़ी की अलमारी पर ‘पंचायत 22’ लिखा हुआ है।
जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि फोटो ब्लॉक मुख्यालय स्थित पंचायत कार्यालय की है।
यह तस्वीर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
स्थानीय नागरिकों महेश, पवन और सुरेश ने आरोप लगाया कि संबंधित सफाई कर्मी गांवों में सफाई कार्य के लिए नहीं जाता और न ही ब्लॉक परिसर की नियमित सफाई करता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि सफाई कर्मियों की तैनाती ग्राम सभाओं में सफाई कार्य के लिए होती है।
न कि केवल ब्लॉक मुख्यालय में बैठकर हाजिरी लगाने के लिए।
इस पूरे मामले पर एडीओ पंचायत रमेश चंद ने बताया कि संबंधित सफाई कर्मी ब्लॉक मुख्यालय से अटैच है।
इसी कारण वह गांवों में सफाई के लिए नहीं जाता।
वहीं, जंगल कौड़िया के बीडीओ सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वायरल तस्वीर की जांच कराई जाएगी।
यदि जांच में फोटो और आरोप सही पाए जाते हैं।
तो दोषी के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

