गोरखपुर में 15 साल के लड़के ने 25 रील बनाने के बाद जान दे दी। मंगलवार सुबह उसकी लाश घर के कमरे में फंदे पर लटका मिली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस रील के जरिए सुसाइड की वजह तलाश रही है।
मामला खजनी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि कृष्ण को रील बनाने का शौक था। जान देने से पहले उसने भोजपुरी गानों पर एक्टिंग भी की थी। उस समय उसने नीली जींस और पीले रंग की टीशर्ट पहनी थी। इन्हीं कपड़ों में उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली।
मां का कहना है कि सोमवार को पूरे दिन गायब था। रात को लौटा तो फूट-फूटकर रोने लगा। पूछने पर कारण नहीं बताया। रात को खाना खाकर कृष्ण अपने कमरे में गया। सुबह उसी कमरे में उसकी लाश फंदे से लटकी मिली।
खजनी थाना क्षेत्र के खोरठा गांव का रहने वाले कृष्ण निषाद के पिता बेचू निषाद मुंबई में पेंट पॉलिश का काम करते हैं। कृष्ण 2 भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई भी पिता के साथ मुंबई में पेंट पॉलिश का ही काम करता है।
घर पर मां, कृष्ण और उसकी 12 साल की छोटी बहन रहती थी। परिजनों ने बताया- कृष्ण को रीन बनाने का शौक था। इसके चक्कर में उसने 6 क्लास के बाद पढ़ाई ही छोड़ दी थी। दिनभर वो रील बनाता रहता था।
घर में भी कृष्ण किसी की बात नहीं सुनता था। 26 जनवरी को वह पूरे दिन घर से बाहर था। रात के समय आया। सबके साथ खाना भी खाया। इसके बाद वह सोने चला गया। 27 जनवरी की सुबह जब वह नहीं उठा, तब मां उसे बुलाने गई। तब उन्होंने उसका शव देखा। इसके बाद वह चीखने चिल्लाने लगीं। आस-पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

