
सिंदुरिया थाने की कमान राजकुमार सिंह के हाथों में
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, जनपद महराजगंज के थाना सिंदुरिया की कमान अब राजकुमार सिंह के हाथों में आ गई है। पदोन्नति पाकर राजकुमार सिंह को थानाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही शुभचिंतकों एवं क्षेत्रीय लोगों द्वारा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
बता दें कि राजकुमार सिंह अब तक सिंदुरिया थाने में बतौर दरोगा अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस सेवा निभाई, जिसके चलते उन्हें पदोन्नति का अवसर मिला और उसी थाने में थानाध्यक्ष के पद पर नियुक्ति की गई।
थानाध्यक्ष का कार्यभार संभालने के उपरांत राजकुमार सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर फरियादी को न्याय मिलना पुलिस का दायित्व है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस समय दशहरा जैसा महत्वपूर्ण पर्व चल रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।
राजकुमार सिंह के थानाध्यक्ष बनने से क्षेत्र के लोगों में विश्वास और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोग मानते हैं कि उनके नेतृत्व में सिंदुरिया थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और भी सुदृढ़ होगी।