*आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करायी जाये- डीएम*
*आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण वाटिका कार्य प्रारम्भ किया जाए- डीएम*
*कन्ट्रोलरूम स्थापित करते हुए सभी कार्यों की मानिटरिंग की जाये- डीएम*
गोरखपुर।। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये है कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण वाटिका कार्य प्रारम्भ कराते हुए अपने कार्यालय में कन्ट्रोलरूम स्थापित करते हुए सभी कार्यों की मानिटरिंग की जाये। उन्होंने कहा कि विकास खण्डों पर खुली बैठके नियमित रूप से आयोजित हो तथा सीडीपीओ कार्यालय व्यवस्थित कराते हुए उनका प्रशिक्षण कराया जाये। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का भी प्रशिक्षण कराते हुए क्लासरूम पद्धति प्रारम्भ की जाये। सभी आंगनवाड़ी केन्द्र नियमित रूप से खुले और संबंधित कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से आवश्यक है। आंगनवाड़ी कार्यकत्री अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, लगन एवं ईमानदारी के साथ करें। जो आंगनवाड़ी कार्यकत्री अपने दायित्व निर्वहन के प्रति लापरवाही बरतते पायी जाये उसको हटाते हुए सक्रिय कार्यकत्री की तैनाती की जाये और सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कायाकल्प योजना के तहत कार्यवाही की जाये।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी ने विकास भवन सभागार में आयोजित पोषण मिशन के अन्तर्गत संचालित योजनाओं/परियोजनाओं एंव गतिविधियों की समीक्षा हेतु जिला पोषण समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। इस अवसर पर उन्होंने पोषण माह सितम्बर में किये गये कार्य के साथ ही संचालित योजनाओं/परियोजनाओं की वृहद समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि पुष्टाहार वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ तिथि निर्धारित करते हुए की जाये और वितरण का सत्यापन अवश्य कराया जाये। वितरण में कही गड़बड़ी नही मिलनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केन्द्रों में कायाकल्प के तहत कार्य कराने के साथ ही उसकी फोटोग्राफी कराते हुए सफलता की कहानी का प्रचार प्रसार भी कराया जाये और आंगनवाड़ी केन्द्रों में विद्युतीकरण के साथ ही कुपोषित बच्चों के घर घर आंगनवाड़ी कार्यकत्री भ्रमण करें तथा उन बच्चों को पोषण की श्रेणी में लाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्र नियमित रूप से खोले जाये तथा बच्चों की पढ़ाई प्रारम्भ की जाये। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कि विभाग में रिक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करायी जाये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी इन्द्रजीत सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे

