*बाराबंकी में डबल डेकर बस और ट्रक में भीषण टक्कर 9 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत*
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की जान चली गई है.बताया जा रहा है कि बाराबंकी में किसान पथ के आउटर रिंग रोड पर बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं. वहीं मौके पर स्थानीय प्रशासन की टीम पहुंच गई है. घायलों को इलाज से लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि गंभीर रूप से पांच घायलों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में ले जाया गया है.
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में किसान पथ के आउटर रिंग रोड पर ट्रक से बस की भिड़ंत होने से लगभग 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई है. वहीं घटना के बाद राहत एवं बचाव की टीम सक्रिय हो गई है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि बस नई दिल्ली से बहराइच की ओर जा रही थी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखचे उड़ गए.
गोंडा और बहराइच के थे पैसेंजर- बताया जा रहा है कि मृत और घायल लोगों में सबसे अधिक बहराइच और गोंडा के रहने वाले हैं. घायलों की सूची प्रशासन की ओर से जारी कर दिया गया है. हालांकि मृतकों की सूची अभी तक नहीं आई है.
मवेशी की वजह से टक्कर!- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह भीषण हादसा रोड पर मवेशी के आ जाने की वजह से हुआ है. बताया जा रहा है कि ट्रक और बस दोनों तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान एक मवेशी सड़क पर आ गया, जिसके कारण ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ा और हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि बस में करीब 70 लोग शामिल थे.
इधर, अमरोहा में लखनऊ से मुरादाबाद की ओर जा रही बस में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 लोग सवार थे. आग लगने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाई गई है. वहीं यात्रियों का रेसेक्यू जारी है.

