
*सपा और कांग्रेस ने आरक्षण को पहुंचाया सबसे अधिक नुकसान: विश्वनाथ पाल।*
एन्टीकरप्शन मीडिया न्यूज संवाददाता – सुमन पाण्डेय
अमानीगंज।
मिल्कीपुर के मुंगीशपुर में बहुजन समाज पार्टी द्वारा विधान सभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कांग्रेस व सपा पर जमकर निशाना साधा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा जो लोग आज संविधान बचाने की बात करते हैं, संविधान को वही सबसे अधिक नुकसान पहुंचाने का भी काम किए हैं। उन्होंने कहा कि एससी, ओबीसी, एसटी के आरक्षण को सबसे ज्यादा किसी ने नुकसान पहुंचाया है तो वह सपा व कांग्रेस ही है। कांग्रेस और सपा आरक्षण को बचाने की बात करते हैं, बहन जी की सरकार में जब कर्मचारियों का प्रमोशन हुआ तो उनका डिमोशन करके समाजवादी पार्टी ने संविधान का उल्लंघन किया। यह वही कांग्रेस है, जिसने बाबा भीमराव अंबेडकर को संविधान सभा में जाने से रोकने के लिए हर हथकंडे अपनाये थे। कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे पूर्व कारागार मंत्री धर्मवीर सिंह ने कहा कि जब तक आप बराबरी का हक नहीं पाते तब तक देश की आजादी का कोई अर्थ नहीं है। हमें किसी से राजनीतिक समझौता नहीं करना है, हमें केवल सामाजिक समझौता करना है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद सलीम अंसारी ने कहा योगी सरकार में नौजवान परेशान है, किसान परेशान है, पेपर लीक हो रहे है। बहन जी के शासन की आज भी हर तरफ तारीफ होती है। शासन सत्ता चलाने के लिए बुलडोजर की जरूरत नहीं होती इच्छा शक्ति की जरूरत होती है।
इस सम्मेलन को अयोध्या व लखनऊ मंडल के प्रभारी समसुद्दीन राइन, बसपा प्रत्याशी रामगोपाल कोरी, रोशन लाल त्यागी, अनुराधा कोरी, महेंद्र प्रताप आनंद सहित दर्जनों वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा अध्यक्ष अमरनाथ शर्मा ने किया।