चुनाव से पहले किसानों को साधने में यूपी सरकार, किसान सम्मान निधि को लेकर सीएम योगी ने दिए जरूरी निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पात्रों को किसान सम्मान निधि का लाभ देने के लिए आधार सत्यापन का काम जल्द पूरा कराया जाए। इस योजना के पात्र लेकिन अब तक वंचित किसानों को इसका लाभ शीघ्र दिलाने की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने बुधवार को उच्चाधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिया। माना जा रहा है कि सीएम योगी चुनाव से पहले किसानों को साधने की कोशिश में हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर बैठक के दौरान कहा कि आजमगढ़ के मुबारकपुर क्षेत्र में दूषित पानी पीने से डायरिया से प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल की जाए। लोगों को स्वच्छ पानी पीने के लिए जागरूक किया जाए और लोगों को पानी उबालकर व छानकर पीने की सलाह दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण तेजी से कम हो रहा है। इसलिए यह अतिरिक्त सतर्कता व सावधानी बरतने का समय है। कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जाए। मुख्यमंत्री को बैठक में बताया गया कि 24 घंटे में कोरोना के आठ नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में 10 करोड़ 52 लाख 16 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। प्रदेश में अब तक 459 ऑक्सीजन प्लांट चालू हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांटों की स्थापना तेजी से की जाए। मुख्यमंत्री ने आजमगढ़, सहारनपुर और अलीगढ़ में स्थापित हो रहे राज्य विश्वविद्यालयों के संचालन की कार्यवाही आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिए। कुलपति की नियमित नियुक्ति होने तक मंडलायुक्तों को कुलपति का प्रभार देकर आगे की कार्यवाही शुरू की जाए।

