*सिर,चेहरे,शरीर पर गंभीर चोटें,मनीष गुप्ता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली गोरखपुर पुलिस की झूठी कहानी की पोल*
*गोरखपुर*/रामगढ़ ताल थाना के पुलिस की पिटाई से हुई कानपुर के प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ पुलिस लीपापोती की कोशिश कर रही है, लेकिन मनीष गुप्ता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी झूठी कहानी की पोल खोलकर रख दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि मनीष गुप्ता के सिर,चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। मनीष के सिर के अगले हिस्से पर तेज प्रहार किया गया, जिससे उनके नाक के पास से खून बह रहा था। हालांकि,पुलिस ने घटना के बाद अपने पहले बयान में इसे हादसे में हुई मौत बताया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अपराधियों की चेकिंग के दौरान रामगढ़ताल थाना की पुलिस एक होटल में गई। वहां पर एक कमरे में तीन संदिग्ध युवक अलग-अलग शहर से आए थे। इस सूचना पर पुलिस होटल मैनेजर को साथ में लेकर कमरे की चेकिंग करने गई, जहां पर हड़बड़ाहट में एक युवक (मनीष गुप्ता) की कमरे में गिरने से चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

