महराजगंज,यूपी परिवहन निगम के बसों में चालक, परिचालक की मनमानी अब नहीं चलेगी। निगम के बारे में कोई भी शिकायत या सुझाव देना चाहते हैं, तो वॉट्सएप्प का इस्तेमाल भी कर सकेंगे। इसके लिए निगम ने मोबाइल नंबर- 9415049606 जारी किया है। इस नंबर पर यात्री किसी भी समय शिकायत, वहां की तस्वीर के साथ भेज सकते हैं।
तस्वीर होने से बस कर्मचारियों की बहानेबाजी भी नहीं चलेगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे फोन न उठाने की समस्या का भी समाधान होगा और शिकायत भी दर्ज हो जाएगी। शिकायतकर्ता उस संदेश को शिकायत के सबूत के तौर पर भी उपयोग कर सकते हैं।
बस अड्डे पर गंदगी हो या फिर चालक-परिचालक की अभद्र भाषा का इस्तेमाल। परिवहन निगम की बसों से जुड़ी किसी भी शिकायत को अब दर्ज कराने के लिए यात्रियों को अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यात्री सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही अब परिवहन निगम ने यात्रियों से सीधे जुड़ने की कवायद शुरू की है। निगम की इस नई व्यवस्था के शुरू होने से यात्रियों को शिकायत करने में परेशानी भी नहीं होगी। इससे निगम को यात्री सेवाओं को सुधारने का मौका भी मिलेगा और बस सेवा को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।
वॉट्सएप्प का इस्तेमाल छोटी से छोटी समस्या के लिए भी हो सकेगा। सीट फटने से लेकर बस में गंदगी, चालक के शराब पीकर गाड़ी चलाने से लेकर गाड़ी तेज चलाने की भी शिकायत आसानी से हो सकेगी। बस में किसी भी बदइंतजामी को दूर करने के लिए यह काफी सहायक साबित हो सकता है। लंबी दूरी की बसों को ढाबा पर रोकने की यात्रियों को हमेशा शिकायत रहती है, वॉट्सएप्प की मदद से ऐसी समस्याओं को यात्री कभी भी निगम के बड़े अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को बस नंबर भी लिखना होगा।
परिवहन निगम के प्रवक्ता अनवर ने बताया कि यात्रियों को समस्या की शिकायत करने में दिक्कत पेश आने के कई मामले सामने आए थे। इसके बाद निगम ने यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए यह सुविधा लाई गई है। ख़ास बात ये है कि यात्री इस सुविधा की मदद से गलत जगह बस रोकने से लेकर टिकट नहीं देने जैसी शिकायत मौके पर ही कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के साथ ही उसे संबंधित क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक को भेज दिया जाएगा। आरएम शिकायत पर कार्रवाई कर वापस कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे। इसके बाद परिवहन निगम शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी देगा।
रिपोर्टर कैलाश सिंह महराजगंज