
गोरखपुर में बनेंगे तीन फ्लाईओवर और चार रेलवे ओवर ब्रिज, जाम से मिलेगी राहत
टीपी शाही
गोरखपुर,राप्ती नदी पर तीन और चिलुआताल पर बनाया जाएगा एक पुल। 84280.59 लाख रुपये की 11 परियोजनाओं का प्रस्ताव सेतु निगम ने शासन को भेजा।
गोरखपुर में तीन फ्लाईओवर और चार रेलवे ओवर ब्रिज बनाकर शहर के यातायात को सुविधाजनक बनाने की योजना तैयार की गई है। वहीं, राप्ती नदी पर तीन और चिलुआताल पर एक पुल बनाकर आवागमन को सरल बनाने की योजना है। 84280.59 लाख रुपये की इन परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इन 11 परियोजनाओं के बनने से आवागमन काफी आसान हो जाएगा। जानकारी के अनुसार, सेतु निगम (ब्रिज कारपोरेशन) की ओर से भेजे गए तीन फ्लाईओवर, चार रेलवे ओवर ब्रिज और चार पुलों के प्रस्ताव में से कुछ की स्वीकृति अंतिम दौर में है। कुछ का परीक्षण किया जा रहा है। संवाद
गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग के ओमकार नगर तिराहे से बालापार-टिकरिया मार्ग पर स्थित रेल समपार संख्या 6 स्पेशल पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। इसकी प्रारंभिक लागत 8539.35 लाख रुपये आंकी गई है।
बरगदवा चौराहे से फर्टिलाइजर मार्ग पर नकहा जंगल-मारीराम स्टेशन के मध्य रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी प्रारंभिक लागत 7717.88 लाख रुपये अपेक्षित है।
मुंडेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर समपार संख्या 147 पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इसके लिए 6099.52 लाख की वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
मानीराम-पीपीगंज रेलवे स्टेशन के बीच ओवर ब्रिज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस पर कुछ आपत्तियां लगी थीं, जिसका निस्तारण कर दिया गया है। इसकी लागत 9062.68 लाख रुपये आंकी गई है।
36675.22 लाख से बनेंगे तीन फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी राहत
बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास फोरलेन (मेडिकल कॉलेज रोड) पर खजांची चौराहे के पास फ्लाईओवर का निर्माण। इसके लिए 10921.50 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है।
कैंपियरगंज-मेहदावल मार्ग पर फ्लाईओवर का निर्माण। इसकी प्रारंभिक लागत 6039.54 लाख रुपये आंकी गई है। इसका प्रस्ताव मुख्य परियोजना प्रबंधक को भेजा गया है।
महानगर में लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर महेवा से रुस्तमपुर चौराहे तक तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसकी प्रारंभिक लागत 19714.18 लाख रुपये आंकी गई है। इसका प्रस्ताव मुख्य अभियंता सेतु निगम को भेजा गया है।