➡️धमैचा हत्याकांड के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा
संत कबीर नगर ।
जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम धमैचा में शनिवार की रात एक मजदूर की दर्दनाक हत्या कर दी गई थी । हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी । पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और हत्याकांड के खुलासे का निर्देश दिया । कोतवाली पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हत्यारोपी मिथिलेश सिंह को दबोच लिया । गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेजा गया । न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया ।
पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम धमैचा में दिनांक 22 अक्टूबर की रात एक मजदूर की हत्या कर दी गई । उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में ग्राम के प्रहरी दिनेश कुमार पुत्र मुराली ने अभियोग पंजीकृत कराया है । वादी का आरोप है कि उसके गांव के आरोपी मिथिलेश सिंह पुत्र वृन्दावन सिंह के चाचा विरेन्द्र सिंह के घर देवरिया निवासी मजदूर हरेन्द्र काम कर रहा था । सोते समय रात में 11 बजे आरोपी मिथिलेश सिंह ने गड़ासे से वार करके हत्या कर दिया । पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अंशुमान मिश्र ने बताया कि आरोपी मिथिलेश सिंह को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद सर्वेश कुमार राय एवं पुलिस चौकी प्रभारी नवीन मण्डी सुरेश यादव की टीम ने भुवरिया चौराहे के पास से गिरफ्तार किया ।
रिपोर्ट : मारुति नंदन

