*गुलरिहा थाना क्षेत्र की दो सगी बहनों को राजस्थान में बेचने की थी तैयारी, बाल-बाल बचीं*
*अमूल्य रत्न न्यूज़ संवादाता रिपोर्ट*
*गोरखपुर*/ जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव की दो सगी बहनों को राजस्थान में बेचने ले जा रही महिलाएं पुलिस को देखकर भाग गईं। बरामद बच्चियों को राजस्थान पुलिस ने अपने पास रखा है और उनके घरवालों को खबर दी है। गुलरिहा थाने की एक टीम उन्हें ले आने राजस्थान के लिए रवाना हो गई है।
गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव की दो सगी बहनें 17 वर्षीय और 16 वर्षीय किशोरियों सोमवार की रात से लापता थीं। आरोप है कि गांव की ही दो महिलाएं और एक पुरुष उन्हें बहला-फुसलाकर भगा ले गए। वे उन्हें बेचने ले जा रहे थे लेकिन राजस्थान बॉर्डर पर जैसे ही पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों महिलाएं और पुरुष किशोरियों को छोड़कर भाग गए। राजस्थान के गंगा नगर जिले के महिला थाने में दोनों किशोरियों को रखा गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियों ने फोन कर अपनी मां को बताया कि 5 लाख रुपये में हम दोनों को बेचने का सौदा किया गया था। राजस्थान के गंगानगर जिले के महिला थाने की पुलिस ने किशोरियों के घरवालों को फोन से पूरी घटना बताई। गुरुवार को किशोरियों की मां ने गुलरिहा पुलिस को लिखित तहरीर दी है। गुलरिहा थाना प्रभारी अमित कुमार दुबे का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

