मतगणना एवं होली को लेकर एसपी ने अधीनस्थों को दिए सुरक्षा व्यवस्था के टिप्स
कासगंज । जिले में विधानसभा चुनाव की मतगणना एवं आगामी पर्व होली को लेकर एसपी ने अधीनस्थों के साथ बैठक की है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के टिप्स दिए हैं। होली जलने वाले स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा की दृष्टि से यहां का अवलोकन करने को कहा है।
पुलिस कार्यालय में एसपी बोत्रे रोहन प्रमोद ने जिले के सभी सीओ एवं थाना प्रभारियों के साथ सोमवार की शाम बैठक की है। विधानसभा चुनाव की मतगणना व आगामी होली के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराए जाने हेतु जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ रूपरेखा तैयार की है।
मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई ना बरते जाने को कहा है। सभी अधिकारी/कर्मचारियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने हेतु निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त होली के त्यौहार पर सतर्क दृष्टि रखकर त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराए जाने हेतु निर्देश दिए गए। सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी होलिका दहन होने वाले स्थानों को चिन्हित कर उनका मौके पर जायजा लिया जाए।
किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न ना होने पाए। अपर पुलिस अधीक्षक एके सिंह सिसोदिया, सीओ डीके पंत, राजेश कुमार तिवारी, धीरज सिंह चौहान, शैलेंद्र परिहार, समस्त थाना प्रभारी, आरआई पुलिस लाइन व कार्यालय, शाखाओं के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

