सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने दी चेतावनी; गांव में बढ़ा तनाव
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा खादर टोला खपरडीहा में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण कार्य को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। दर्जनों ग्रामीणों ने थाना प्रभारी भिटौली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर रास्ते पर कराए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव निवासी धीरेंद्र कुशवाहा द्वारा जबरन सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण कराया जा रहा है। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो आरोपी मारपीट पर आमादा हो गया, जिससे गांव में विवाद और बढ़ गया। मामले की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्षों को थाने पर आकर अपनी बात रखने की सलाह देकर वापस लौट गई। इसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता गांव के कई परिवारों के आवागमन का मुख्य साधन है और यदि यहां निर्माण हो गया तो भविष्य में चार पहिया वाहन तक घरों तक नहीं पहुंच पाएंगे।
थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में गोपाल सिंह, उमाशंकर, मिठाई सिंह, सुरेश सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर रास्ते से अवैध निर्माण हटवाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद और बढ़ सकता है। फिलहाल गांव में रास्ते को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

