बाराबंकी में करोड़ों की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
शालीमार पैराडाइज सोसाइटी में हुई चोरी का मास्टरमाइंड रिटायर्ड IRS अधिकारी का बेटा निकला।
उसे सट्टा खेलने और ट्रेडिंग की बुरी लत थी।
पिछले कुछ महीनों में वह काफी रकम हार चुका था।
इस वजह से उसने साजिश रची और साथियों के साथ मिलकर करीब 10 करोड़ के हीरे-जवाहरात चुरा लिए।
पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल मामले में पूर्व IRS अफसर के बेटे समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों से 50 लाख कैश समेत सोने-चांदी और हीरे के जेवर बरामद किए हैं।
SP अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया- रिटायर्ड IRS अधिकारी एएन सिंह शालीमार पैराडाइज सोसाइटी के एक विला में रहते हैं।
वे साल-2016 में असिस्टेंट कमिश्नर के पद से रिटायर हुए थे। मूलरूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं।
उनका बेटा आकाश ठाकुर उर्फ आकर्ष उनके साथ रहता है।
उनके ठीक सामने वाले विला में ठेकेदार अजय सिंह बघेल परिवार के साथ रहते हैं।
उन्होंने बताया-आकाश और अजय के विला का बेडरूम और बालकनियां आमने-सामने हैं।
आकाश को पता था कि सामने वाले विला में कीमती सामान रखा है।
उसे पैसों की जरूरत थी।
इसलिए चोरी का प्लान बनाया।
जब विला में रहले वाले अजय फैमिली के साथ 20 अप्रैल की रात को बाहर गए तो इन लोगों ने योजना बनाकर चोरी का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए।
24 और 25 तारीख के बीच की रात वारदात को अंजाम दिया।

