श्रमिक दिवस पर सेहत का तोहफा: पकड़ी रेंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, उमड़ी भीड़
*वन विभाग और KMC मेडिकल कॉलेज की पहल, सैकड़ों श्रमिकों व ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ
*
स्थानीय संवाददाता…… कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज,अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज वन विश्राम भवन में एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन पकड़ी रेंज स्टाफ एवं KMC मेडिकल कॉलेज के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। आए हुए श्रमिकों और ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर जांच सहित विभिन्न प्रकार की चिकित्सीय सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उचित परामर्श देते हुए उनके स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया।
इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराना रहा। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन दरोगा गौरव त्रिपाठी, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी सहित अन्य वन कर्मी उपस्थित रहे। वहीं KMC चिकित्सालय से डॉक्टर देव, डॉ. हेमंत भारद्वाज, डॉ. अमान खान, डॉ. रूपाली यादव एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर न केवल श्रमिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल भी साबित हुआ।

