महराजगंज: जनपद में नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद दिखे एक्शन में –
बुधवार देर रात पहली बार अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की-
पुलिस कार्यालय सभागार में रात 10 बजे आयोजित इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई –
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है – उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, अनावरण शेष मामलों में तेजी लाने तथा वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में भारतीय दंड संहिता (IPC) व बीएनएस के तहत दर्ज मामलों, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से जुड़े अपराधों तथा निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। थानों पर लंबित विवेचनाओं, वारंटियों की गिरफ्तारी, शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी तथा अपहरण से संबंधित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति को और प्रभावी बनाने पर बल देते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस एवं जनसुनवाई प्रकरणों में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संदिग्ध होटलों व प्रतिष्ठानों की जांच, आभूषण दुकानों में चोरी रोकने के उपाय और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।
इस अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे ।