#गोरखपुर जेल से जमानत पर बाहर आया फर्जी आईपीएस, तेवर में कोई कमी नहीं !! पड़ोसी को जेल भिजवाने की दी धमकी
पीपीगंज थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर निवासी फर्जी आईपीएस शनि शर्मा को जमानत मिल गई है।
जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसके तेवर में कोई कमी नहीं आई है।
आरोप है कि उसने देनदारों के उधार दिए गए रुपये मांगने पर उनसे अभद्रता करते हुए जेल भिजवाने की धमकी देना शुरू कर दिया है।
इससे नाराज होकर पड़ोसी एक मार्ट के प्रबंधक जितेंद्र कुमार मिश्रा ने आरोपी के खिलाफ पीपीगंज थाने में तहरीर दी है।
पुलिस शिकायती पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दो माह पहले आरोपी को फर्जी आईपीएस बनकर रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था।
पीपीगंज कस्बा निवासी मार्ट के प्रबंधक जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बीते जनवरी माह में आरोपी शनि शर्मा ने खुद को आईपीएस बताते हुए उनसे नजदीकियां बढ़ाईं।
इसके बाद उनके मार्ट से 19 हजार रुपये का सामान उधार ले लिया। रुपये मांगने पर टालमटोल शुरू कर दिया।
इस बीच पुलिस ने फरवरी माह में शनि शर्मा को फर्जी आईपीएस बनकर हॉस्पिटल संचालक समेत अन्य लोगों से रंगदारी मांगने के आरोप में पकड़ा था।
एक सप्ताह पहले वह जमानत पर बाहर आ गया।
बीते बुधवार को आरोपी ने मार्ट के प्रबंधक से संपर्क कर घर का सामान भेजने की बात कही।
इस पर मार्ट के प्रबंधक ने बकाया रुपये की मांग की।
आरोप है कि इससे नाराज शनि शर्मा ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देना शुरू कर दिया।
मार्ट प्रबंधक ने आरोपी शनि शर्मा के खिलाफ पीपीगंज थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

