बस्ती: रुधौली ब्लॉक में अफसरों का औचक धावा…….
विकास कार्यों पर कसा शिकंजा
बस्ती जनपद में शनिवार को प्रशासनिक हलचल तेज रही।
जब जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) घनश्याम सागर और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) अजय कुमार सिंह ने रुधौली ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया।
अचानक पहुंचे अफसरों से ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों के अभिलेख, शिकायत पटल रजिस्टर और उपस्थिति पंजिका का गहन निरीक्षण किया।
रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर कर्मचारियों की मौजूदगी और कार्य निष्पादन की स्थिति परखी गई।
अधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) योगेन्द्र राम त्रिपाठी से ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत जानकारी ली। योजनाओं की गति और जमीनी क्रियान्वयन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद डीपीआरओ घनश्याम सागर सीधे ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और बीडीओ, एडीओ पंचायत रमेश चंद्र यादव व अन्य सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब की गई और लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय करने के संकेत दिए गए।
डीपीआरओ ने फार्मर रजिस्ट्री, पीएम सूर्य घर योजना और फैमिली आईडी जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक सचिव और पंचायत सहायक तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करें।
बैठक के दौरान सचिव अजय सिंह, तीरथ और रंजना को पीएम सूर्य घर योजना का पंजीकरण स्वयं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर सचिव अजय सिंह, सतीश समेत अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों से साफ है कि जनपद में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग अब और कड़ी होने वाली है।

