उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर 2025 को भड़की हिंसा के मामले में पुलिस की ओर से बड़ा एक्शन हुआ है। हिंसा के दौरान पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों तक हथियार पहुंचाने का मामला सामने आया था। इसके बाद से इस गिरोह की जांच चल रही थी। बहेड़ी पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान सरगना हिस्ट्रीशीटर इशरत अली भाग निकला। वह बरेली बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा से जुड़ा बताया जा रहा है। यह अंतरराज्यीय गिरोह हथियारों की सप्लाई में जुटा था।
उत्तराखंड में हथियार की सप्लाई करने जाने के दौरान दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, बवाल के दौरान हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क का सरगना इशरत अली है। वह बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के साथी फरहत अली का सगा भाई है। फरहत के फाइक एन्क्लेव स्थित घर से ही मौलाना और फरहत की गिरफ्तारी हुई थी। इशरत और उसका एक साथी पुलिस की कार्रवाई के दौरान भाग निकले थे। एक बार फिर वह पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।

