दुःखद_कुशीनगर पति-पत्नी की 3 माह में संदिग्ध हालात में मौतः 6 माह पहले प्रेम विवाह, पहले पत्नी की संदिग्ध मौत, अब खेत में मिला युवक का शव

कुशीनगर में पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के मानिकौरा गांव के पास रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। गांव से महज 50 मीटर की दूरी पर गन्ने के पत्तों के बीच 23 वर्षीय भोला उर्फ आर्यन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह है कि इससे करीब तीन माह पहले नवंबर में भोला की पत्नी ज्योति की भी संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। दो मौतों की इस कड़ी ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। भोला ने जुलाई महीने में अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर चैती मुसहरी (गजराज टोला) की रहने वाली ज्योति से प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामला सामने आने पर थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई गई और खिरकिया मंदिर में उनकी शादी कराई गई। शादी के महज पांच दिन बाद ही सुलह समझौते के तहत ज्योति के मायके वाले उसे अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार, मायके में ज्योति पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग थी। इसी बीच नवंबर में ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि दहेज के लिए पति भोला और उसके परिवार द्वारा प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर ज्योति ने आत्महत्या की है। इस मामले में पुलिस ने भोला और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया था।
भोला के जीजा ने बताया कि भोला पुणे में मजदूरी करता था। पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह पुणे से घर लौट आया था और तभी से मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। उन्होंने दावा किया कि ज्योति का शव फंदे पर नहीं,
बल्कि बेड पर मिला था, जिससे पूरे मामले पर सवाल उठते हैं। उस वक्त भोला पुणे में और उसके पिता पंजाब में मजदूरी कर रहे थे।
भोला के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दहेज उत्पीड़न के मुकदमे के बाद से पूरा परिवार तनाव में था। पुलिस की दबिश के डर से घर के नाबालिग बच्चे तक इधर-उधर छिपने को मजबूर थे। ऐसे में भोला की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में पसरा सन्नाटा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल इस बात की गवाही दे रहा है कि तीन महीने के भीतर दो संदिग्ध मौतों ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया है।

