शनिवार रात मानसरोवर पार्क थाने के पास एक 14 साल का नाबालिग बारात में नोट छीनने लगा।
इससे गुस्साए बारात में शामिल CISF के एक जवान ने नाबालिग के सिर में पिस्टल से गोली मार दी।
आरोपी मौके से फरार हो गया। नाबालिग को गंभीर हालत में डॉ. हेडगेवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है।
मानसरोवर पार्क थाने ने हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के इटावा के भरथना गांव में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
उसकी पहचान दूल्हे के मामा के बेटे मदन गोपाल तिवारी के रूप में हुई है।
उसने शादी समारोह में शामिल होने के लिए CISF से छुट्टी ली थी। आरोपी कानपुर में पोस्टेड है।
साहिल अपने परिवार के साथ नाथू कॉलोनी की झुग्गियों में रहता था।
परिवार में उसके माता-पिता और दो भाई हैं।
उसके पिता सिराजुद्दीन मजदूरी करते हैं।
उन्होंने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई नहीं करता था।
शनिवार रात वह अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ मानसरोवर पार्क गया था।
रात करीब 10:30 बजे उसका छोटा बेटा दौड़ता हुआ घर आया।
उसने बताया कि कम्युनिटी हॉल मानसरोवर पार्क पुलिस स्टेशन के पास है।
बारात की घुड़चढ़ी हो रही थी।
बारात में लोग नाच रहे थे और नोट लूट रहे थे।
साहिल ने नोट लूटने की कोशिश की।
आरोप है कि एक आदमी ने उसे पकड़ लिया।
उसने पहले उसकी पिटाई की, फिर जेब से पिस्तौल निकालकर कनपटी में गोली मार दी।
जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो साहिल खून से लथपथ था।
पुलिस स्टेशन कुछ ही कदम दूर था।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को शादी के दरवाजे पर ही हिरासत में ले लिया।
नाबालिग की हत्या के कारण शादी नहीं हो सकी।
बारात को वापस लौटना पड़ा। दुल्हन की पालकी नहीं उठाई जा सकी।

