
*परोल पर आए पूर्व सरपंच को गोलियों से भूना ,तेज धार हथियार से एक काटा*
जिले में बीती रात उस समय दहशत का माहौल निर्मित हो गया जब एक पूर्व सरपंच पर दनादन गोलियां दागकर उसकी जघन्य हत्या कर दी गई।वहीं उसका एक हाथ भी तेजधार हथियार से काट दिया गया। मृतक इस समय जेल से पैरोल पर बाहर आया हुआ था। पैरोल से बाहर आने के बाद भी उसके खिलाफ पुलिस में मामले दर्ज करने की बात सामने आ रही है।
जिले के गांव धनौंदा के पूर्व सरपंच विक्रम सिंह (35 वर्ष) बीती रात अपने घर पर था तभी अचानक बदमाशों ने घर में घुसकर कई राउंड फायर कर उसकी हत्या की। इसके बाद बदमाशों ने उसका एक हाथ भी काट दिया। फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया और जब विक्रम को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस प्रकार से उसकी हत्या कर हाथ काटा गया गया उससे पुलिस को लग रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया गया होगा।
बताया जाता है कि वर्ष 2016 में पंचायती चुनाव के समय मृतक सरपंच बना था। उस समय उसने सरेआम अपने गांव के विनोद उर्फ भाता को गोली मारकर मौत के घाट उतारा था। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हो गई थी और इस समय वह पैरोल पर बाहर आया था। गांव के लोग बताते हैं कि जिस प्रकार से विक्रम ने विनोद की हत्या की थी कुछ उसी अंदाज में ही उसकी हत्या की गई है। इस मामले में गांव के ही कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। मृतक पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं और दो मामले तो पैरोल पर बाहर आने के बाद दर्ज हुए हैं। पुलिस इसे बदले की कहानी के आधार पर जांच कर रही है।
हरिंदर कौशल संवाददाता