समय से पूरा करें डबलिंग,बाईपास कार्यों में लाएं तेजी-महाप्रबंधक
अमूल्य रत्न न्यूज़ संवाददाता गोरखपुर की रिपोर्ट
गोरखपुर – पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक अशोक कुमार मिश्र ने सोमवार को चल रही योजनाओं की विधिवत समीक्षा की। इस दौरान डबलिंग, अमान परिवर्तन और तीसरी लाइन बिछाने को लेकर चर्चा हुई। सभी निर्माण परियोजनाओं की प्रगति को पावर प्वाइंट के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। महाप्रबंधक ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए जिम्मेदार अफसरों से बात की। कहा कि दोहरीकरण परियोजनाओं को पूरा करते समय स्टेशनों पर अपेक्षित सुविधाओं में भी आवश्कतानुसार सुधार किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मल्लौर-डालीगंज, छपरा-बलिया दोहरीकरण, बलिया-गाजीपुर, सीतापुर-बुढ़वल दोहरीकरण, गोरखपुर-नकहा, गोरखपुर-बाल्मिकीनगर भटनी-औड़िहार दोहरीकरण, वाराणसी-प्रयागराज दोहरीकरण, इन्दारा-फेफना तथा मऊ-शाहगंज दोहरीकरण, औड़िहार-जौनपुर डबलिंग के वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं कुसम्ही-डोमिनगढ़, गोण्डा-बुढ़वल तीसरी लाइन के कार्य प्रगति की विस्तार से समीक्षा हुई।
इसके साथ ही इन्दारा-दोहरीघाट, बहराइच-नानपारा-नेपालगंज आमान परिवर्तन, शाहगढ़-पीलीभीत अमान परिवर्तन में अब तक हुए कार्यों को अफसरों ने जीएम के समक्ष पेश किया। बहराइच-खलीलाबाद और जीपुर-ताड़ीघाट नई लाइन को लेकर जमीन अधिग्रहण पर चर्चा हुई और भटनी-पिवकोल व ऐशबाग-मानकनगर बाईपास लाइन को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में तीनों मण्डलों के विभागाध्यक्ष और सभी विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।

