गोरखपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: एक तमंचा व कारतूस पुलिस ने किया बरामद, सिंघड़िया में दो साल पहले हुए गल्फ कंपनी में हुई लूट का था वांछित
गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश विभेष कुमार दूबे को गिरफ्तार कर लिया। कैंट पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। आरोपित विभेष दो साल पहले सिंघड़िया स्थित गल्फ कंपनी में हुए 22 लाख की लूट के मामले में वांछित था और फरार चल रहा था। वहीं उसने एक साल पूर्व गगहा इलाके में भी एक हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
बिहार का रहने वाला है बदमाश
एसपी सिटी सोनम कुमार ने बुधवार की शाम 4 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय व सुनील कुमार पटेल बुधवार को गश्त कर रहे थे। इस दौरान मोहद्दीपुर स्थित व्ही पार्क के पास से विभेष कुमार दुबे पुत्र विंध्याचल दुबे निवासी लोहसी कला, थाना मुफस्सिल, सिवान बिहार को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व कारतूस मिला। पूछताछ में पता चला कि उसके उपर 25 हजार का इनाम है।
27 अक्टूबर 2020 को हुई थी लूट
एसपी सिटी के अनुसार बीते 27 अक्तूबर 2020 की शाम को कैंट के सिंघड़िया स्थित विदेश भेजने वाली गल्फ कंपनी में घुसकर 22 लाख की लूट हुई थी। पुलिस ने कंपनी के मालिक संतोष की तहरीर पर केस दर्ज किया था। जांच में जुटी पुलिस ने कंपनी के एजेंट बिहार निवासी पवन सिंह समेत चार को गिरफ्तार कर उस समय घटना का खुलासा किया था। तभी से विभेष फरार था। पूछताछ में आरोपित ने जनवरी 2021 में गगहा इलाके में हुई हत्या में शामिल होने की बात कही है। कैंट पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।

