*”मुख्यमंत्री ने 436 करोड की परियोजना का किया लोकार्पण व शिलान्यास”*
महराजगंज। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरेन्दा कस्बे के सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कालेज में जनविश्वास यात्रा के आगमन पर 436 करोड की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पूर्व देश में अविश्वास, अराजकता, भ्रष्टाचार व आतंकवाद का बोल बाला था। केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद लोगों के मन में आत्म विश्वास पैदा हुआ। वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अब हर गरीब को आवास, शौचालय, राशन, विद्युत कनेक्शन व नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल रहा है।
जनता के बीच सवाल उछालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या सपा, बसपा व कांग्रेस के शासन काल में राम मंदिर का निर्माण संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी तीर्थस्थलों का भी सुंदरीकरण कराया जा रहा है। पहले यह पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री में खर्च होता था। उन्होंने कहा सरकार ने देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में धारा 370 आतंकवाद की जड़ थी। कांग्रेस ने इसे पुष्पित पल्लवित किया। अब कोई भी व्यक्ति कश्मीर में जाकर जमीन व आवास ले सकता है। भाजपा व जनसंघ ने हमेशा धारा 370 का विरोध किया। उन्होंने कहा कि गरीबों की भूमि पर कब्जा करने वाले, व्यापारियों का अपहरण करने वाले व युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले कभी जनता के हितैषी नहीं हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम है। यहां दंगा नहीं होता। लोग निर्भीक होकर घूमते हैं। बहन बेटियां सुरक्षित हैं। दंगाइयों की पांच पीढिय़ां जुर्माना भरते.भरते थक जाएंगी। अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित करने वालों की संपत्ति जब्त की गई है या उस पर बुल्डोजर चला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा वह करके दिखाया है। महराजगंज जिले के लोगों को भी अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शासन ने यहां मेडिकल कालेज निर्माण की स्वीकृति दे दी है। पहले नौकरी का विज्ञापन निकलने के साथ ही लोग झोला लेकर निकल पड़ते थे।
भाजपा सरकार ने साढ़े चार लाख नौजवानों को पूरी ईमानदारी के साथ नौकरी दी है। जनसभा को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, सांसद जगदंबिका पाल, हरीश द्विवेदी, जयप्रकाश निषाद, विधायक बजरंग बहादुर सिंह, प्रेम सागर पटेल, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया व भाजपा जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास ने भी संबोधित किया।
*रिपोर्ट जयप्रकाश जायसवाल*