शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश: तीन गिरफ्तार, चोरी का माल, अवैध तमंचे और ₹20,420 नकद बरामद
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
*रिश्तेदारी में गए परिवार के घर को बनाया था निशाना, पुलिस ने चोरी का सामान बेचकर कमाई गई नकदी भी की बरामद*
महराजगंज। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरन्दरपुर पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, सात कारतूस, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा चोरी का माल बेचकर प्राप्त 20,420 रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम हरैया रघुवीर निवासी गंगाराम वर्मा अपने रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन संस्कार में परिवार सहित गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बर्तन, पायल, कान की बाली और नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के तीन सदस्यों गोविन्द उर्फ गोभी, दिनेश यादव और सुजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी का सामान बेचने की बात भी कबूल की।
बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एक एलईडी टीवी, पीली धातु की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, छह सफेद धातु के सिक्के, पांच पीतल की थालियां, तीन पीतल के लोटे, तीन मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 20,420 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी गोविन्द उर्फ गोभी पर महराजगंज के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दिनेश यादव के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, दुर्घटना, चोरी और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी सुजीत यादव पर भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया, उपनिरीक्षक अभय सिंह, अजय कुमार, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, राहुल यादव, जनार्दन चौधरी सहित थाना पुरन्दरपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है, ताकि इनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।