इंडियन कोचिंग सेंटर के मेधावियों का भव्य सम्मान, नवोदय–सैनिक स्कूल–विद्याज्ञान में चयनित विद्यार्थियों का बढ़ाया गया हौसला
*सम्मान एवं विदाई समारोह में गूंजा सफलता का मंत्र, शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान को बताया सफलता की कुंजी*
महराजगंज। सदर क्षेत्र के भिटौली स्थित इंडियन कोचिंग सेंटर में नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल एवं विद्याज्ञान जैसी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में चयनित छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि यदि छात्र-छात्राओं में सीखने की ललक, अनुशासन और कठिन परिश्रम की भावना हो, तो सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है और वे देश व समाज का नाम रोशन करते हैं।
कार्यक्रम में संस्था के निदेशक सुरेंद्र कुमार प्रजापति एवं अजय प्रजापति ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।
विशिष्ट वक्ता डॉ. भरत कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ अध्ययन करने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं कृष्ण मुरारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज गांवों के छात्र-छात्राएं शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं।
संस्था के सह-निदेशक अजय प्रजापति ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों से अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के निदेशक सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर साक्षी विश्वकर्मा, श्याम प्रजापति, अभिजीत, अविका, अंश, रेहान, सावन चौधरी, मोनू, दिवाकर, शिवम चौधरी, साहिल, आदर्श एवं अंशिका जायसवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।