*बलरामपुर से सीएम योगी ने दिया सख्त संदेश,किसी ने बेटी को छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं,सपा पर साधा निशाना*
बलरामपुर।उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सख्त संदेश दिया है।
सीएम ने कहा कि किसी ने बेटी को छेड़ने का दुस्साहस किया या किसी व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम ने कहा कि सरकार किसी को अनावश्यक परेशान नहीं करती, लेकिन कानून तोड़ने वालों को छोड़ा भी नहीं जाएगा।
सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त और गुंडा मुक्त प्रदेश के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पहले माफियाओं से संबंध होना पहचान माना जाता था,
लेकिन अब माफिया मिट्टी में मिल गए हैं।
सीएम योगी ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
सीएम ने साल 2017 से पहले की सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि उस समय गरीबों को उनका हक नहीं मिल पाता था।
सीएम ने कहा कि बलरामपुर कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाता था, लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद यहां विकास की रफ्तार तेज हुई है।
आज बलरामपुर आकांक्षी जनपद से निकलकर विकसित जनपद की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि नौ वर्ष पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि सड़क,बिजली और हर घर जल जैसी परियोजनाएं इतनी तेजी से साकार हो पाएंगी।
सीएम ने कहा कि आज जिले में मेडिकल कॉलेज,विश्वविद्यालय और थारू संग्रहालय जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प साकार हुए हैं।
वर्ष 2007 से मथुरा घाट पर पुल की मांग की जा रही थी,लेकिन अब जाकर इसकी स्वीकृति मिल सकी है।
सीएम ने कहा कि जिले में सड़कें बेहतर बनाई जा रही हैं।
बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए काम हो रहा है।
बांधों की मरम्मत की जा रही है और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
साथ ही बिजली व्यवस्था को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।सीएम ने कहा कि सरकार ने थारू जनजाति के लोगों को जमीन और आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया है।
बलरामपुर जिले में बेसिक स्कूलों में सबसे अधिक नामांकन हुआ है।
जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गरीबों तक राशन नहीं पहुंचता था।
उस समय सपा के गुंडे और दलाल राशन खा जाते थे और जरूरतमंद लोगों तक उसका लाभ नहीं पहुंच पाता था।
सीएम ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है और अब पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार गरीबों को मकान,शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
गांवों में आय और निवास प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं, आयुष्मान योजना के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम कर रही है और महिलाओं तथा बेटियों में सुरक्षा की भावना पैदा की गई है।
सीएम ने कहा कि सबका साथ,सबका विकास की भावना के तहत बिना भेदभाव सभी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में अलग नजर से देखा जाता था।
लेकिन आज प्रदेश की छवि बदली है।
सीएम ने कहा कि अब लोग उत्तर प्रदेश के नागरिकों का सम्मान करते हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार ने आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को बढ़ावा दिया है।
जिससे प्रदेश की पहचान मजबूत
हुई है।
सीएम ने कहा कि जो लोग प्रदेश को नुकसान पहुंचाने का काम करते थे।
उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रदेश को विकास तथा सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया गया है।

