‘मन की बात’ से जुड़ा बागापार, विधायक जय मंगल कन्नौजिया बोले— राष्ट्र निर्माण का सशक्त जनसंवाद है कार्यक्रम
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, 31 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 24, बागापार में सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा देशहित, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार तथा जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रखे गए विचारों को गंभीरता से सुना। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों का उल्लेख करते हुए नागरिकों को समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, जनसेवा और उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देकर आम नागरिकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विधायक ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने वाला एक सशक्त जनसंवाद है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा समाज हित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में राजेंद्र पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष जय हिंद चौधरी, राकेश अग्रहरी, शिवाकांत गुप्ता, नारद जायसवाल, सेक्टर प्रमुख रणविजय चौधरी, सुधाकर पटेल, अजीत यादव, अश्विनी पटेल, पूर्व प्रधान रामराज चौरसिया, भारत चौधरी, सेक्टर प्रमुख वीरेंद्र पासवान, नरेंद्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को जनहित और राष्ट्रहित के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

