डीएम ने सहकारी समितियों का किया निरीक्षण, एप आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था का लिया जायजा*
*कृषकों से संवाद कर प्राप्त किया फीडबैक, पारदर्शिता एवं सुगम वितरण व्यवस्था पर दिया जोर*
*सहकारी समिति प्रेमनगर में डीएम ने कृषकों को वितरित किए गए निःशुल्क सदस्यता कार्ड*
स्थानीय संवाददाता……
बलरामपुर -जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड तुलसीपुर अंतर्गत सहकारी समिति कौवापुर एवं सहकारी समिति प्रेमनगर का निरीक्षण कर उर्वरक वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एप आधारित उर्वरक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं कृषक सुविधा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित कृषकों से संवाद कर एप के माध्यम से उर्वरक वितरण की व्यवस्था का फीडबैक प्राप्त किया। कृषकों द्वारा वितरण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बताए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजिका, वितरण पंजिका एवं खारिज पंजिका का गहन अवलोकन किया तथा अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरकों के वितरण में पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए ताकि कृषकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि जिन कृषकों को उर्वरक प्राप्ति संबंधी मैसेज भेजा गया है, उनकी सूची सहकारी समिति परिसर में सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए, जिससे वितरण प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता बनी रहे एवं कृषकों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा सहकारी समिति प्रेमनगर में कृषकों को समिति का सदस्य बनने पर निःशुल्क सदस्यता कार्ड भी वितरित किए गए। उन्होंने कृषकों को सहकारी समितियों से जुड़कर विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
निरीक्षण के एआर कोऑपरेटिव , ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रतीक नरेश व अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

