मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर नौतनवा में हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
*सीमा क्षेत्र में सुरक्षा चाक-चौबंद, 208 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का होगा शिलान्यास व लोकार्पण*
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, 14 मई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संभावित महराजगंज दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के तहसील नौतनवा आगमन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी ने नौतनवा पहुंचकर हेलीपैड, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित होने के कारण प्रशासन सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभा स्थल पर पहुंच मार्ग, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती तथा आपातकालीन निकास मार्गों का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह अभेद्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, खुफिया इकाइयों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना न रहे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण और सीमा क्षेत्र की निगरानी के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के हाथों नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 14931.05 लाख रुपये की 26 विकास परियोजनाओं तथा फरेन्दा विधानसभा क्षेत्र में 2221.47 लाख रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इस प्रकार कुल 171.52 करोड़ रुपये लागत की 42 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
इसके अलावा नौतनवा क्षेत्र में 1732.52 लाख रुपये की 20 परियोजनाओं तथा फरेन्दा विधानसभा में 1955.98 लाख रुपये की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। कुल मिलाकर लगभग 36.88 करोड़ रुपये की 37 परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एजिसन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, भारी संख्या में पुलिस बल एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नौतनवा सहित पूरे जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

